Maharajganj
महराजगंज। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के डिगही गांव में एक किशोर के साथ मारपीट कर चाकू से हमला करने की कोशिश का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार ग्राम डिगही निवासी आशा देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका 17 वर्षीय पुत्र आदित्य सहानी 5 मार्च की सुबह करीब 9 बजे डिगही चौराहे पर किराना का सामान लेने गया था। सामान लेकर जब वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में गांव के रिजयान, समीर और अशर्फी का नाती प्रिंस चौरसिया ने उसे रोक लिया और गाली-गलौज करने लगे।
आरोप है कि विरोध करने पर तीनों युवकों ने आदित्य को घेरकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी दौरान समीर ने जेब से चाकू निकालकर उस पर हमला करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह आदित्य को बचाया।
पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद समीर, रिजयान और प्रिंस ने शिकायत करने पर आदित्य की हत्या करने की धमकी दी। वहीं गांव के विपुल चौरसिया पर भी आरोप है कि वह बाद में उनके घर पहुंचा और आदित्य को जान से मारने की धमकी देकर चला गया।
पीड़ित पक्ष का कहना है कि उक्त युवक गांव में अक्सर मारपीट, छेड़छाड़ और छीना-झपटी जैसी घटनाओं को अंजाम देते रहते हैं, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है।
इस संबंध में ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी नवनीत नागर ने बताया कि आशा देवी की तहरीर के आधार पर रिजयान, समीर, प्रिंस चौरसिया और विपुल चौरसिया के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment