Maharajganj
महराजगंज, 14 मार्च 2026।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीणा ने पुलिस भर्ती परीक्षा–2026 के अंतर्गत जनपद में बनाए गए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली, एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली तथा राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करते हुए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, कक्ष निरीक्षकों तथा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सभी अधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है, इसलिए कहीं भी किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता नहीं होनी चाहिए।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को लगातार सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
उपस्थिति के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार शिवजपत सिंह इंटरमीडिएट कॉलेज भिटौली तथा एंग्लो संस्कृत इंटर कॉलेज घुघुली परीक्षा केंद्रों पर 240 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 85 अनुपस्थित रहे, जबकि 155 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। वहीं राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पुरैना केंद्र पर 240 में से 71 परीक्षार्थी अनुपस्थित और 169 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।
जनपद के कुल 12 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस परीक्षा में 4560 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1423 अनुपस्थित रहे, जबकि 3137 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी केंद्रों पर सतर्कता बनाए रखते हुए शासन एवं आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हो सके।


No comments:
Post a Comment