Chief in editor Sunil Pandey U P
महराजगंज, 31 मार्च 2026। जनपद में प्रस्तावित वृक्षारोपण अभियान को लेकर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अभियान को योजनाबद्ध, प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के लिए थीम आधारित वृक्षारोपण पर विशेष जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अमृत सरोवरों, मनरेगा पार्कों, खेल मैदानों एवं ग्रामीण स्टेडियमों में निर्धारित थीम के अनुरूप पौधरोपण किया जाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इन स्थलों की उपयोगिता और सौंदर्य में भी वृद्धि हो। उन्होंने सड़कों के दोनों ओर एक ही प्रजाति के पौधे लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि मार्गों के किनारे सजावटी वृक्ष लगाए जाएं, ताकि सड़कें आकर्षक और सुव्यवस्थित दिखें।
शहरी क्षेत्रों में मियावाकी पद्धति से वृक्षारोपण के लिए चयनित स्थलों को समय से तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही वर्षा ऋतु से पूर्व लक्ष्य के अनुरूप गड्ढों की खुदाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे समयबद्ध तरीके से पौधरोपण किया जा सके।
डीएम ने वृक्षारोपण को आय सृजन से जोड़ने पर बल देते हुए फलदार एवं आर्थिक रूप से महत्वपूर्ण प्रजातियों के पौधे लगाने और व्यक्तिगत वृक्षारोपण को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। कार्बन क्रेडिट के माध्यम से आय अर्जन की संभावनाओं को देखते हुए वन विभाग को कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने “हर मेड़ा पर पेड़” अभियान के तहत गांवों में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करने को कहा।
बैठक में सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों के अनुसार थीम तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, ताकि अभियान को समन्वित और सफल बनाया जा सके। जिलाधिकारी ने आमजन को पौधों से होने वाली आय के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया और अभियान को पूरी जिम्मेदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

No comments:
Post a Comment