Maharajganj News स्कूल चलो अभियान-2026” को सफल बनाने के लिए डीएम सख्त, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Monday, 30 March 2026

Maharajganj News स्कूल चलो अभियान-2026” को सफल बनाने के लिए डीएम सख्त, शत-प्रतिशत नामांकन पर जोर

Chief in editor Sunil Pandey U P 



महराजगंज, 30 मार्च 2026:

जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में “स्कूल चलो अभियान-2026” की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद के सभी विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से ड्रॉपआउट और कभी स्कूल न जाने वाले बच्चों की पहचान कर उन्हें शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि कोई भी बच्चा नामांकन से वंचित न रहे।

सीएमओ को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि आशा कार्यकत्रियां 3 से 5 वर्ष के बच्चों की सूची आंगनबाड़ी केंद्रों को उपलब्ध कराएं, जिससे बाल वाटिकाओं में उनका नामांकन सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही झुग्गी-झोपड़ी, ईंट-भट्ठा मजदूरों के बच्चों और ड्रॉपआउट बच्चों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि पंचायत राज विभाग समेत अन्य विभागों के सहयोग से ग्राम स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा बहुओं और ग्राम प्रधानों के माध्यम से घर-घर संपर्क कर अभिभावकों को बच्चों को स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया जाए।

बैठक में विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके। साथ ही नामांकन उत्सव को प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि “स्कूल चलो अभियान” शासन की प्राथमिकता में है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी निर्धारित समयसीमा में अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।

बताया गया कि शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए यह अभियान 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलेगा। वहीं ड्रॉपआउट बच्चों के नामांकन के लिए 4 से 15 अप्रैल और 4 से 15 जुलाई तक दो चरणों में विशेष अभियान संचालित किया जाएगा।

अभियान के दौरान शिक्षक एवं शिक्षामित्र घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और ऐसे बच्चों को चिन्हित करेंगे, जिनका नामांकन नहीं हुआ है या जिन्होंने पढ़ाई बीच में छोड़ दी है। इस बार शारदा एप में “यू-डायस स्टेटस” नाम से नया मॉड्यूल जोड़ा गया है, जिससे ड्रॉपआउट बच्चों को ट्रैक कर विद्यालय से जोड़ा जाएगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad