Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को कस्बा निचलौल में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के दौरान प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
एसपी ने आमजन से मोहर्रम को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाया। इस दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी। ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अफवाह फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फ्लैग मार्च में क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह, थानाध्यक्ष निचलौल सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment