Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 16 जून 2026। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत वितरण, बिजली बिल वसूली, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी नेडा ने बताया कि 15 जून 2026 तक जनपद में कुल 2,762 पीएम सूर्यघर स्थापित किए जा चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल में 298, मई में 318 और जून में अब तक 191 स्थापना हुई हैं। साथ ही 250 आवेदन वितरण और 616 आवेदन स्वीकृति के लिए लंबित हैं।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश देते हुए कहा कि पीएम सूर्यघर शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी सरकारी भवनों, विशेषकर ग्राम पंचायत भवनों को प्राथमिकता के आधार पर सोलर प्लांट से आच्छादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना बिजली की खपत कम करने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आय का अवसर भी उपलब्ध कराती है।
विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिया कि सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को शीघ्र हटाने की कार्रवाई पूरी की जाए। इसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और बीएसए को विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
तेज हवा और आंधी की स्थिति को देखते हुए डीएम ने सड़कों के ऊपर से गुजर रहे झूलते और ढीले बिजली तारों को तत्काल दुरुस्त कराने तथा जर्जर विद्युत पोलों को बदलने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे ढीले तार और जर्जर पोल गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।
सरकारी भवनों के लंबित बिजली बिलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को प्रस्ताव भेजकर बकाया भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर बल देते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले संबंधित अधिकारी स्वयं आख्या का परीक्षण अवश्य करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वाई.पी. सिंह तथा प्रभारी नेडा प्रेम प्रकाश सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment