Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 14 अप्रैल 2026।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने जिला खेल स्टेडियम में नव निर्मित वॉलीबॉल, लॉन टेनिस तथा बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मैदान में उगी झाड़ियों और फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए साफ-सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी (वि/रा) को निर्देशित किया कि नगर पालिका एवं पंचायत के सफाई कर्मियों की संयुक्त टीम बनाकर नियमित सफाई सुनिश्चित कराई जाए, ताकि खिलाड़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।
डीएम ने लॉन टेनिस और वॉलीबॉल कोर्ट का निरीक्षण करते हुए मैदान के चारों ओर मिट्टी भराई कर किनारों को समतल करने के निर्देश दिए, जिससे खिलाड़ियों को किसी प्रकार की चोट न पहुंचे। साथ ही टेनिस बॉल को बाहर जाने से रोकने के लिए कोर्ट के चारों ओर मजबूत जाली लगाने के निर्देश भी दिए गए।
बैडमिंटन हॉल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि खिलाड़ी बेहतर तरीके से अभ्यास कर सकें।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल सुविधाओं का विकास युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए बेहद जरूरी है। सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं, ताकि खेल परिसर को जल्द पूरी तरह संचालित किया जा सके।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवीन कुमार गोयल, उपजिलाधिकारी प्रेम शंकर पाण्डेय, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी, जिला क्रीड़ा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment