Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 19 जून 2026। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं विकास प्रदर्शनी के तीसरे दिन शुक्रवार को स्वनिधि महोत्सव एवं प्राकृतिक खेती कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं महराजगंज सांसद पंकज चौधरी ने फीता काटकर और दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश की दिशा और दशा में व्यापक परिवर्तन आया है तथा वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों के लिए आवास, शौचालय, पेयजल, उज्ज्वला गैस कनेक्शन जैसी योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों के जीवन स्तर में सुधार किया है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक मजबूती प्रदान की है। महराजगंज जनपद में 11,205 से अधिक लाभार्थियों को योजना के तहत लगभग 24.58 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है, जिससे छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय बढ़ाने में मदद मिली है।
प्राकृतिक खेती पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों को देखते हुए प्राकृतिक कृषि समय की आवश्यकता बन गई है। इससे किसानों की लागत कम होगी, भूमि की उर्वरा शक्ति बढ़ेगी और लोगों को सुरक्षित खाद्यान्न उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि महराजगंज में सड़क, रेलवे, बस स्टेशन, स्वास्थ्य और बिजली व्यवस्था के क्षेत्र में उल्लेखनीय विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, विश्वकर्मा योजना, आयुष्मान भारत योजना, व्यक्तिगत शौचालय एवं अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चाभी, टूलकिट, डेमो चेक और प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। अतिथियों ने परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
कार्यक्रम में सूचना विभाग की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वहीं स्टर्लिंग पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने भी आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी महेन्द्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, डीपीआरओ, डीडी एजी सहित बड़ी संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment