Chief in editor Sunil Pandey
जिले की मेधावी बेटियों का सम्मान, आयुषी और आस्था को मिला 21-21 हजार का पुरस्कार
महराजगंज/सिसवा बाजार/करमही। उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री के निर्देशन में यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। जिले में आयोजित सम्मान समारोह में जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षक की गरिमामयी उपस्थिति में हाईस्कूल परीक्षा में जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली आयुषी चौधरी तथा इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद में सातवां स्थान प्राप्त करने वाली आस्था चौधरी को 21-21 हजार रुपये का चेक, मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
दोनों छात्राएं श्यामा सुरेंद्र इंटरमीडिएट कॉलेज, करमही, सिसवा बाजार, महराजगंज की हैं। छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है। विद्यालय ने स्थापना काल से ही शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देकर जनपद, मंडल एवं प्रदेश स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।
सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय प्रबंधक अजय कुमार मिश्र एवं प्रधानाचार्य विजय कुमार मिश्र ने छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, लगन और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन मेधावियों से प्रेरणा लेने की अपील की।
इस अवसर पर मनीष पांडेय, राकेश गुप्ता, अर्चना पाठक, त्रिलोकी चौहान, राहुल शर्मा, मोहन प्रजापति सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि इन छात्राओं की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी तथा संस्थान भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करता रहेगा।

No comments:
Post a Comment