संपादक : सुनील पाण्डेय उत्तर प्रदेश
महराजगंज।उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत दूसरे दिन कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा द्वारा महराजगंज महोत्सव के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले नोडल अधिकारी, सह-नोडल अधिकारी, मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी एवं अन्य कार्मिकों को उनके कुशल दायित्व निर्वहन हेतु सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि महराजगंज महोत्सव जनपद की पहचान बन चुका है। यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने का माध्यम है, बल्कि स्थानीय कलाकारों, उद्यमियों एवं छात्र–छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रतिकूल मौसम एवं विभिन्न चुनौतियों के बावजूद महोत्सव का सफल आयोजन सभी विभागों के समन्वित प्रयास, अनुशासन एवं टीम भावना का परिणाम है।
जिलाधिकारी ने महोत्सव के सफल आयोजन में योगदान देने हेतु तत्कालीन मुख्य विकास अधिकारी, वर्तमान मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वि/रा), जिला सूचना अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद महराजगंज की विशेष रूप से सराहना की। साथ ही मीडिया प्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन, जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज एवं जीएसवीएस इंटर कॉलेज के प्रबंधन द्वारा किए गए सहयोग की भी प्रशंसा की गई।
उन्होंने महोत्सव स्थल पर कार्यरत विभिन्न विभागों के कर्मचारियों, सफाई कर्मियों, श्रमिकों एवं अन्य सहयोगी कार्मिकों के योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों की सफलता में इनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।
<>
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा जनपद के युवा होटल व्यवसायियों को सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि जनपद महराजगंज में इको-टूरिज्म, धार्मिक पर्यटन एवं कृषि आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। योजनाबद्ध प्रयासों से जनपद को प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान एम-पैक्स सदस्यता अभियान की सफलता में सराहनीय योगदान देने वाले सहकारिता विभाग के अधिकारियों एवं सचिवों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में 01 लाख से अधिक सदस्य बनाए गए, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। इससे सहकारी समितियों को ₹2.18 करोड़ की अंश पूंजी प्राप्त हुई। अभियान के कुशल नेतृत्व हेतु एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता की विशेष प्रशंसा की गई।
राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से 05–05 बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए तथा उपस्थित जनसमूह को जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने की शपथ दिलाई गई। एसआईआर प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी गई। इस अवसर पर परियोजना निदेशक श्री राम दरश चौधरी द्वारा मतदाता जागरूकता पर आधारित स्वलिखित गीत की प्रस्तुति दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित लोगों को बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलाई गई और समाज के प्रत्येक व्यक्ति से बाल विवाह रोकने हेतु सजग एवं सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।
इससे पूर्व उच्च प्राथमिक विद्यालय सोनरा एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सदर की छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के स्वागत के साथ हुआ तथा संचालन अरविंद जायसवाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नवनीत गोयल, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment