Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। मदनपुरा स्थित गोशाला में कथित अव्यवस्थाओं, मृत गोवंश मिलने तथा विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित व्यवहार के विरोध में शनिवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अपनी मांगों को लेकर संगठन के तीन कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही तहसीलदार सदर पंकज शाही, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तथा अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। साथ ही उन्हें सुरक्षित नीचे उतारने की कार्रवाई भी शुरू की गई। प्रदर्शन के दौरान कलेक्ट्रेट परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई।
विश्व हिंदू परिषद-बजरंग दल की ओर से जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि 20 जून को संगठन के कार्यकर्ता गोशाला का निरीक्षण करने पहुंचे थे, जहां उन्हें दो मृत गायें मिलीं। संगठन का कहना है कि गोशाला में गोवंशों की देखरेख में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि गोशाला प्रबंधन के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराने के दौरान पुलिस बल बुलाया गया और कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया गया। हालांकि इन आरोपों की प्रशासनिक स्तर पर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
संगठन ने गोशाला से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध जांच कर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही विरोध प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई गई। इसके अतिरिक्त संगठन ने गोमाता को “राष्ट्रमाता” घोषित किए जाने की मांग भी दोहराई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर उनकी मांगों को संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। समाचार लिखे जाने तक मामला शांतिपूर्ण ढंग से सुलझाने के प्रयास जारी थे।

No comments:
Post a Comment