स्वर्गद्वारी जा रही तीर्थयात्रियों की जीप खाई में गिरी, मासूम समेत दो की मौत, 20 घायल
जिला प्रहरी कार्यालय प्युठान के डीएसपी दिपेश बस्याल के अनुसार, लु 1 ज 3175 नंबर की माइक्रो जीप भिंगरी से स्वर्गद्वारी की ओर जा रही थी। टाकुरा के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिससे जीप सीधे खाई में गिर गई। हादसे के समय वाहन में उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के श्रद्धालु सवार थे।
हादसे में 3 वर्षीय काब्या मौर्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय निर्मला मौर्या ने बुटवल स्थित लुम्बिनी सिटी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों में 7 लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिनका आईसीयू में उपचार चल रहा है।
घायल तीर्थयात्री मुख्य रूप से महराजगंज जिले के थाना भिटौली बाजार क्षेत्र के लक्ष्मीपुर शिवाला गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों में संजीता मौर्या, रामउदय मौर्या, लक्ष्मी मौर्या, दुर्गा मौर्या, मेसा मौर्या, पूजा मौर्या, आलोक मौर्या, शेवनाथ मौर्या, प्रीति मौर्या, शिवास मौर्या, कितिकी मौर्या, सेलहन्ता मौर्या, करन मौर्या, मीरा मौर्या, नरेश चौधरी, अंकित चौधरी, अरबिंद राय, संध्या राय और आयुष मौर्या शामिल हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कर घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
इधर, घटना की गंभीरता को देखते हुए महराजगंज प्रशासन ने तत्काल एम्बुलेंस और एस्कॉर्ट टीम को नेपाल के लिए रवाना कर दिया है। नेपाली प्रशासन और दूतावास से लगातार समन्वय स्थापित कर घायलों को हर संभव सहायता और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्थिति की निगरानी के लिए एसडीएम, सीओ एवं थाना प्रभारी भी रवाना हो गए हैं।
No comments:
Post a Comment