Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज जनपद के सिसवा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा गेरमा स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित नौ दिवसीय श्री श्री 1008 श्री रुद्र महायज्ञ का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। पहले ही दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा में हजारों की संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए। भक्ति गीतों, जयघोष, रथ और डीजे की धुनों के बीच गेरमा से निकली यह यात्रा गंगोली, सिसवा खेखड़ा पुल और राम जानकी मंदिर मार्ग से होकर गुजरी। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं द्वारा यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
यज्ञ का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ। यज्ञ आचार्य राम रक्षा दास जी महाराज एवं सहयोगी आचार्यों ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। मुख्य यजमानों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित किया। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस महायज्ञ के आयोजन से क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा तथा वातावरण शुद्ध होगा।
यज्ञ समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए भंडारे एवं शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के मद्देनजर थाना कोठीभार पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रहा है।

No comments:
Post a Comment