महराजगंज पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक करोड़ की नशीली दवाइयों के साथ 3 अंतरजनपदीय तस्कर गिरफ्तार
महराजगंज, 07 मई 2026। महराजगंज पुलिस ने नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित दवाइयों के साथ तीन अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये मूल्य की दवाइयां बरामद की हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन अशोक मुथा जैन तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर रेंज एस. चनप्पा के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी सदर अकुर गौतम के मार्गदर्शन में थाना श्यामदेउरवां प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम श्यामदेउरवां स्टेडियम के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान गोरखपुर निवासी रामसमुश केवट (40 वर्ष), नवीन कुमार गौतम (28 वर्ष) और संदीप कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी पिछले करीब तीन माह से किराये की गाड़ियों के माध्यम से नशीली दवाइयों की सप्लाई कर रहे थे और गोरखपुर में मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव (एमआर) के रूप में कार्य कर चुके हैं।
बरामदगी में शामिल:
26 पैकेट ट्रैमालैब कैप्सूल (6240 कैप्सूल)
73 पैकेट एलजोमैक टैबलेट (43,800 टैबलेट)
अल्ट्रापार नियो टैबलेट के 25 बॉक्स (3750 टैबलेट)
पुलिस के मुताबिक आरोपी इन दवाओं को गोरखपुर से लाकर विभिन्न क्षेत्रों में बेचने की तैयारी में थे। बरामद दवाओं की उपलब्धता बाजार में अत्यंत सीमित बताई जा रही है।
इस मामले में थाना श्यामदेउरवां में मु0अ0सं0 131/2026, धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment