Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 31 मई। नेपाल सीमा से सटे ठूठीबारी क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना ठूठीबारी पुलिस ने 74 शीशी अवैध नेपाली शराब के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं तस्करी पर नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 30 मई की शाम उपनिरीक्षक उमाकान्त सरोज अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध नेपाली शराब लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर ग्राम दिघवा तालाब के समीप कच्ची सड़क पर घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद प्लास्टिक की बोरी से 74 शीशी नेपाली शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान दीपलाल (55 वर्ष) पुत्र दुःखीलाल निवासी ग्राम पिपरा, थाना ठूठीबारी के रूप में हुई है। बरामद शराब की कुल मात्रा 22.2 लीटर पाई गई। पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य तस्करी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक उमाकान्त सरोज और कांस्टेबल विकेश कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment