डीआईजी एस चनप्पा ने श्यामदेउरवा थाने का किया निरीक्षण, रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाएं परखी
Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक एस चनप्पा ने शनिवार को थाना श्यामदेउरवा पहुंचकर थाना समाधान दिवस में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
थाना समाधान दिवस के बाद डीआईजी ने थाना परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, अभिलेखों के रख-रखाव, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। उन्होंने पुलिस कर्मियों को जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। डीआईजी ने उनके रहने, खानपान, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही रिक्रूट आरक्षियों से संवाद कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने, थाना स्तर पर प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने तथा आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज एवं क्षेत्राधिकारी सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment