Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 30 जून। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में परफॉर्मेंस ग्रांट के तहत संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न ग्राम पंचायतों में चल रहे कार्यों की प्रगति, लंबित परियोजनाओं, भौतिक सत्यापन और निर्मित परिसंपत्तियों के उपयोग की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परफॉर्मेंस ग्रांट के अंतर्गत सभी अधूरे और प्रगतिरत कार्यों को 31 जुलाई तक हर हाल में पूरा कराया जाए। उन्होंने ग्राम प्रधानों और ग्राम पंचायत सचिवों को इन कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही नामित नोडल अधिकारियों को पूर्ण हो चुके कार्यों का भौतिक सत्यापन कर शीघ्र रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
डीएम ने कहा कि ग्रांट की शेष धनराशि का उपयोग ग्राम पंचायतों में जनहित से जुड़े स्थायी और उपयोगी सार्वजनिक परिसंपत्तियों के निर्माण में किया जाए। सामुदायिक भवनों के संचालन एवं रखरखाव के लिए जिला पंचायत राज अधिकारी को मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि इन भवनों का पारदर्शी और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित हो सके।
बैठक में परफॉर्मेंस ग्रांट से कराए गए सभी विकास कार्यों का डिजिटल दस्तावेजीकरण करने और उनकी डिजिटल लाइब्रेरी तैयार करने का निर्देश भी दिया गया। इसके अलावा जिला सूचना अधिकारी को विकास कार्यों पर आधारित एक वृत्तचित्र (डॉक्यूमेंट्री) तैयार कराने के लिए कहा गया।
बारातघर निर्माण कार्यों की समीक्षा के दौरान सिसवा विकासखंड के हरखपुरा ग्राम में डीपीआर तैयार न होने तथा रुद्रापुर में निर्माण कार्य में अनावश्यक देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को संबंधित कार्यदायी संस्थाओं कंस्ट्रक्शन एंड कंस्ट्रक्शन एवं नालंदा इंजीकॉन को कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा कार्यों में तेजी लाकर समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, डीसी मनरेगा गौरवेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, डीसी उद्योग नीरज सिंह सहित सभी नोडल अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment