राजस्व टीम ने सीमांकन कर लगाए पीलर, कड़ी सुरक्षा के बीच प्रबंध समिति को सौंपा कब्जा
सिसवा बाजार, महराजगंज।
नगर के वार्ड संख्या-3 सुभाष नगर स्थित श्रीकृष्ण गौशाला की भूमि को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद का मंगलवार को प्रशासन ने समाधान कर दिया। राजस्व विभाग की टीम ने पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच भूमि का सीमांकन कराया, पीलर लगवाकर सीमा निर्धारित की और कब्जा गौशाला प्रबंध समिति को सौंप दिया।
गौशाला की भूमि को लेकर वर्ष 2023 में प्रबंध समिति की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद मामला राजस्व न्यायालय में विचाराधीन रहा। प्रकरण के निस्तारण के बाद मंगलवार को एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, क्षेत्राधिकारी रविंद्र कुमार सिंह और तहसीलदार अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में पैमाइश कर भूमि की वास्तविक सीमा तय की गई तथा स्थायी पहचान के लिए पीलर स्थापित किए गए।
संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए थे। सिसवा, निचलौल, चौक समेत पांच थानों की पुलिस, पीएसी के जवान, महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी पूरे समय मौके पर तैनात रहे। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सीमांकन और कब्जा दिलाने की कार्रवाई न्यायालय के आदेश एवं राजस्व अभिलेखों के आधार पर की गई है। इससे वर्षों से लंबित विवाद का समाधान हो गया है और गौशाला की भूमि अब पूरी तरह प्रबंध समिति के कब्जे में है।

No comments:
Post a Comment