नौकरी दिलाने और बड़े अधिकारियों से संबंध का झांसा देकर करता था धोखाधड़ी, ठूठीबारी पुलिस की बड़ी सफलता
Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 3 जून। सरकारी नौकरी दिलाने और उच्च अधिकारियों से करीबी संबंध होने का दावा कर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक शातिर जालसाज को ठूठीबारी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर करीब 63 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से कई पहचान संबंधी दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी विनीत कुमार सिंह पुत्र चन्द्रिका सिंह निवासी बासपार कोठी, थाना श्यामदेउरवा, जनपद महराजगंज, स्वयं को विभिन्न विभागों का वरिष्ठ अधिकारी बताकर लोगों को अपने प्रभाव में लेता था। वह नौकरी दिलाने और बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का झूठा भरोसा देकर लोगों से मोटी रकम वसूलता था।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने कई लोगों को झांसा देकर लगभग 63 लाख रुपये की ठगी की है। मामला दर्ज होने के बाद वह फरार चल रहा था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार जुटी हुई थी। मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर ठूठीबारी क्षेत्र में उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से तीन आधार कार्ड, एक ड्राइविंग लाइसेंस और दो वनप्लस मोबाइल फोन बरामद किए। पुलिस का मानना है कि इन दस्तावेजों और मोबाइल फोनों का उपयोग वह लोगों को भ्रमित करने और खुद को प्रभावशाली अधिकारी साबित करने के लिए करता था।
पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरामदगी
03 आधार कार्ड
01 ड्राइविंग लाइसेंस
02 वनप्लस मोबाइल फोन
गिरफ्तारी टीम
उपनिरीक्षक रमेश पुरी, कांस्टेबल कवि कुमार एवं आरक्षी अभिषेक चौधरी ने कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

No comments:
Post a Comment