Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। वाहन चोरी और संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवां पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिन्हें नेपाल ले जाकर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ और क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष श्यामदेउरवां के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। 14 जून की रात परतावल चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आलोक कुमार राय अपनी टीम के साथ छतीराम पुलिया के पास संदग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने खालिद मिल्ली स्कूल के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तनय श्रीवास्तव (20) निवासी सेमरा चन्दौली, सूरज विश्वकर्मा (26) निवासी पकड़ी दीक्षित और रामसन यादव (22) निवासी सेमरा चन्दौली के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे विभिन्न जनपदों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें नेपाल में बेचते थे। पुलिस के अनुसार सूरज विश्वकर्मा गिरोह का सरगना है, जबकि अन्य दोनों उसके सहयोगी हैं।
बरामद वाहनों में एक एचएफ डीलक्स (UP-53 DR-4288), एक बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर तथा एक मोटरसाइकिल (UP-40 BK-9841) शामिल है। पुलिस के मुताबिक बरामद बाइकें महराजगंज, गोंडा और गोरखपुर से चोरी की गई थीं।
इस मामले में थाना श्यामदेउरवां पर बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच के दौरान नौतनवा, गोंडा कोतवाली नगर और गोरखपुर के चिलुआताल थाने में दर्ज वाहन चोरी के मामलों का भी अनावरण हुआ है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment