Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 05 जून 2026। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जिला गंगा समिति, महराजगंज द्वारा नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत बलिया पुल घाट पर “एक पेड़ माँ के नाम – एक कदम हरित भविष्य के नाम” अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, नदी स्वच्छता, जैव विविधता संवर्धन तथा वृक्षारोपण के प्रति लोगों को जागरूक करना रहा।
अभियान के तहत घाट परिसर और नदी तट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वयंसेवकों, गंगा प्रहरियों, विद्यार्थियों, स्थानीय नागरिकों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। प्रतिभागियों ने नदी तट पर फैले प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट पदार्थों को एकत्र कर स्वच्छ पर्यावरण का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान के बाद “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित लोगों ने पौधों की देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने गंगा और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए जनभागीदारी को आवश्यक बताते हुए प्रत्येक नागरिक से स्वच्छता और हरित विकास के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने पर्यावरण संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

No comments:
Post a Comment