Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 09 जून। कोठीभार थाना क्षेत्र के भारतखण्ड पकड़ी गांव में मंगलवार को एक वृद्ध की ट्रैक्टर की टक्कर से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रैक्टर और चालक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, हिदायत अली (60) पुत्र स्वर्गीय आशिक दिवान निवासी भारतखण्ड पकड़ी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह अपने घर से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने के कारण वह सड़क पर गिर पड़े और सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। परिजन घायल वृद्ध को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष कोठीभार ने बताया कि मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है।

No comments:
Post a Comment