Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को भारत-नेपाल अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र ठूठीबारी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कस्बा ठूठीबारी के प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च और पैदल गश्त की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए अधिकारियों को सतर्क निगरानी बनाए रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने तथा सीमा सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। फ्लैग मार्च के माध्यम से आमजन में सुरक्षा का संदेश दिया गया और लोगों से मोहर्रम पर्व को शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक ने मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा अवांछनीय गतिविधियों में शामिल पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज पुलिस ने जनपदवासियों से मोहर्रम पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment