Maharajganj News
महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान मिशन शक्ति फेज 5.0 के अंतर्गत जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत थाना पनियरा की मिशन शक्ति/एंटी रोमियो टीम ने शुक्रवार को प्राथमिक विद्यालय पनियरा में छात्र-छात्राओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने बच्चों को विभिन्न सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी। उन्हें वुमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस सेवा 108 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के उपयोग और महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही बच्चों को गुड टच और बैड टच के बारे में सरल तरीके से समझाया गया और किसी भी प्रकार की असहज स्थिति होने पर तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या भरोसेमंद व्यक्ति को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया गया।
टीम ने डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी। बच्चों को बताया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से बातचीत करने या निजी जानकारी साझा करने से बचें।
अधिकारियों ने कहा कि वासंतिक नवरात्र के पावन अवसर पर चलाया जा रहा यह अभियान बालिकाओं और महिलाओं को जागरूक व सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ समाज में आगे बढ़ सकें।

No comments:
Post a Comment