Chief in editor Sunil Pandey
Maharajganj
जिलाधिकारी ने स्वयं कमान संभालते हुए कैंप कार्यालय से ऑनलाइन लाइव मॉनिटरिंग की और विभिन्न गांवों में चल रहे कार्यों की समीक्षा कर मौके पर तैनात टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कई गांवों के किसानों, ग्राम प्रधानों और स्थानीय प्रतिनिधियों से सीधे संवाद कर प्रगति का फीडबैक लिया और सभी को अधिकाधिक किसानों को जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
नौतनवा तहसील के कौलही गांव में किसान उमेश राय से बातचीत कर डीएम ने गांव के अन्य किसानों को भी जागरूक करने की अपील की। वहीं परतावल विकासखंड के पिपरिया गांव में अनीशुर्रहमान, कमाल और प्रधान प्रतिनिधि वसीम से संवाद कर 30 अप्रैल तक शत-प्रतिशत रजिस्ट्री सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि फॉर्मर रजिस्ट्री को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशानुसार 30 अप्रैल के बाद कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ केवल फॉर्मर आईडी के माध्यम से ही मिलेगा, इसलिए सभी पात्र किसान समय रहते अपनी रजिस्ट्री पूर्ण कर लें।
भीषण गर्मी और लू को देखते हुए अधिकारियों को सुबह और शाम के समय अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हर ग्राम पंचायत में टीम बनाकर घर-घर जाकर किसानों की मौके पर ही रजिस्ट्री सुनिश्चित करने को कहा गया है।
प्रशासन की सक्रियता का असर भी दिखा—आज के अभियान में दोपहर तक 900 नई फॉर्मर आईडी बनाई गईं। इसके साथ ही जनपद में कुल 3,81,940 किसानों की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को तय समयसीमा के भीतर लक्ष्य हासिल करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस महत्वपूर्ण अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अंत में उन्होंने सभी किसान भाइयों से अपील की कि वे आगे आकर अपनी फॉर्मर रजिस्ट्री जल्द से जल्द पूरी कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के मिल सके।

No comments:
Post a Comment