Maharajganj News दिशा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, गैस आपूर्ति, सड़क सुरक्षा और योजनाओं के क्रियान्वयन पर सख्त निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Monday, 20 April 2026

Maharajganj News दिशा बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, गैस आपूर्ति, सड़क सुरक्षा और योजनाओं के क्रियान्वयन पर सख्त निर्देश

 नौतनवा में गैस किल्लत दूर करने, रोजगार सेवकों का कार्य बहिष्कार समाप्त कराने और हेलमेट नियम लागू कराने के निर्देश



महराजगंज, 20 अप्रैल 2026।

सांसद एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा करते हुए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया गया।

बैठक की शुरुआत में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने केंद्रीय मंत्री व जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। इसके बाद विकास कार्यों की समीक्षा शुरू हुई।

नौतनवा क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की कमी का मुद्दा उठने पर केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री ने जिला पूर्ति अधिकारी को तत्काल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। वहीं विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों को लेकर भी विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

ग्राम पंचायत सदस्यों के भत्ते के लंबित भुगतान पर नाराजगी जताते हुए मंत्री ने डीपीआरओ को मिशन मोड में भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ाने और उनके उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर भी विशेष जोर दिया गया।

सड़क हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने सड़क सुरक्षा नियमों, विशेषकर हेलमेट के अनिवार्य उपयोग को सख्ती से लागू कराने के निर्देश दिए। साथ ही रोजगार सेवकों के प्रतिनिधिमंडल से वार्ता कर उनके कार्य बहिष्कार को समाप्त कराने के लिए उपायुक्त स्वतः रोजगार को निर्देशित किया।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में बड़ी संख्या में महिलाओं को पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है, दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड बनाए गए हैं और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। मनरेगा के अंतर्गत लाखों मानव दिवस सृजित हुए हैं तथा पीएम किसान योजना के तहत किसानों को करोड़ों रुपये की सहायता दी गई है।

इसके अलावा जल जीवन मिशन, पीएमजीएसवाई, प्रधानमंत्री आवास शहरी योजना और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कार्यक्रम सहित कई योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।

बैठक के अंत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अधिकारी समिति के निर्देशों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करें तथा जनप्रतिनिधियों से सतत संवाद बनाए रखें। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाएगा।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, विधायक प्रेम सागर पटेल, ज्ञानेन्द्र सिंह, जय मंगल कन्नौजिया, वीरेन्द्र चौधरी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad