महराजगंज पुलिस और एसएसबी की संयुक्त कार्रवाई, बाइक व मोबाइल भी जब्त
Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज: भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महराजगंज पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग के दौरान 75 एम्पुल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन के साथ एक अंतरराष्ट्रीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रहे अभियान के क्रम में, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवां के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। दिनांक 03 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना नौतनवा पुलिस और एसएसबी टीम ने एसएसबी रोड स्थित अमलहवा पुल बैरियहवा के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान नेपाल निवासी निहाल अहमद (26 वर्ष) को संदिग्ध अवस्था में रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से कुल 75 एम्पुल प्रतिबंधित नशीली इंजेक्शन बरामद हुए। इनमें 25-25 एम्पुल डायजेपाम, बुप्रेनॉर्फिन और फेनेरगन इंजेक्शन शामिल हैं। इसके अलावा एक हीरो पैशन प्रो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना नौतनवा में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/23 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
इस कार्रवाई में थाना नौतनवा पुलिस टीम और एसएसबी 66वीं वाहिनी के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अधिकारियों ने संयुक्त टीम की सतर्कता और समन्वय की सराहना की है।

No comments:
Post a Comment