कई दुकानों को बना चुका था निशाना, पुलिस ने नकदी व नकली आभूषण किए बरामद
Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 03 अप्रैल:
जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवां पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। असली सोना बताकर नकली आभूषण बेचने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से नकदी और नकली आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में थाना नौतनवां पुलिस ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, 31 मार्च को कस्बा क्षेत्र की एक आभूषण दुकान पर एक पुरुष और महिला पहुंचे और अपने पास मौजूद आभूषण को असली सोना बताते हुए बेचने का प्रस्ताव रखा। दुकानदार ने आभूषण को असली समझकर करीब 40 हजार रुपये में खरीद लिया, लेकिन बाद में जांच में वह नकली निकला।
मामले की जांच में यह भी सामने आया कि अभियुक्त द्वारा अन्य दुकानों को भी इसी तरह ठगी का शिकार बनाया गया है।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 2 अप्रैल को गौसिया इंटर कॉलेज के पास से अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 9,850 रुपये नकद और पीली धातु के नकली आभूषण बरामद किए गए।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राकेश गौड़ (45) पुत्र जयराम गौड़ निवासी रामूघाट थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।
इस संबंध में थाना नौतनवां पर मुकदमा संख्या 68/2026 धारा 318(4) व 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment