Maharajganj News मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण में मिली खामियां, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Wednesday, 1 April 2026

Maharajganj News मिनी इंडोर स्टेडियम निर्माण में मिली खामियां, जिलाधिकारी ने जताई नाराजगी

 Chief in editor Sunil Pandey 


महराजगंज, 01 अप्रैल 2026 — जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा ने आज राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, धनेवा-धनेई में प्रोजेक्ट अलंकार के अंतर्गत निर्माणाधीन मिनी इंडोर स्टेडियम का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने परिसर में निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का अवलोकन किया। कार्य में प्रयुक्त ईंट और बालू की गुणवत्ता प्रथम दृष्टया संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। ठेकेदार एवं कार्यदाई संस्था यूपी सिडको को चेतावनी देते हुए निर्माण सामग्री की गुणवत्ता में तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

जिलाधिकारी ने छात्राओं के लिए निर्मित छात्रावास का भी निरीक्षण किया, जहां कोई छात्रा आवासित नहीं मिली। इस पर उन्होंने छात्रावास का शीघ्र आवंटन कर उसे उपयोग में लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा विद्यालय की क्षतिग्रस्त दक्षिणी बाउंड्री की मरम्मत कराने को भी कहा।

विद्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक न मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही रसोईघर की साफ-सफाई, रंग-रोगन और आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं अत्यंत आवश्यक हैं, जिससे छात्राओं को सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिल सके। उन्होंने सभी कार्यों को समयबद्ध और मानक के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।

बताया गया कि मिनी इंडोर स्टेडियम का निर्माण प्रोजेक्ट अलंकार के तहत 4.92 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है, जिसकी कार्यदाई संस्था यूपी सिडको है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जानकारी दी कि इस योजना के अंतर्गत 25 राजकीय विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था विकसित की जा रही है, जबकि 2 विद्यालयों में भवन मरम्मत कार्य भी चल रहा है। इसके अतिरिक्त 18 सहायता प्राप्त विद्यालयों में भी निर्माण कार्य प्रगति पर है।

निरीक्षण के दौरान जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, प्रधानाचार्या सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad