Chief in editor Sunil Pandey
Maharajganj
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने जनपद से चयनित सोमनाथ तीर्थयात्रियों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारत की आस्था, संस्कृति और आत्मगौरव का प्रतीक है, जो सोमनाथ मंदिर के हजारों वर्षों के गौरवशाली इतिहास को जीवंत करता है। उन्होंने बताया कि गुजरात के प्रभास पाटन में स्थित सोमनाथ मंदिर द्वादश ज्योतिर्लिंगों में प्रथम स्थान रखता है। इतिहास में अनेक आक्रमणों और विध्वंस के बावजूद इस मंदिर का बार-बार पुनर्निर्माण भारतीय संस्कृति की अटूट आस्था और संकल्प शक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जिससे सांस्कृतिक एकता और विरासत संरक्षण को बल मिलेगा। जिलाधिकारी ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के प्रारंभिक चरण में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय एवं पीएम श्री सोनरा विद्यालय की छात्राओं द्वारा शिव तांडव सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भजन गायक अमित अंजन द्वारा प्रस्तुत शिव भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
धन्यवाद ज्ञापन करते हुए शिक्षाविद् एस.पी. सिंह ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” भारतीय संस्कृति पर हुए आक्रमणों और उसके प्रति समाज की सशक्त प्रतिक्रिया का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी जनपदों से तीर्थयात्रियों का चयन इस पर्व के महत्व को और अधिक बढ़ाता है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के सभी जनपदों से चयनित 10-10 यात्रियों को सोमनाथ (गुजरात) के लिए रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गुरु गोरक्षनाथ मंदिर परिसर में भी देखा गया।
मुख्य कार्यक्रम के अंतर्गत मंदिर परिसर स्थित शिवालय में महंत लक्ष्मणदास जी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा विधिवत रुद्राभिषेक किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने सामूहिक मंत्रोच्चार कर धार्मिक वातावरण को और अधिक पावन बना दिया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिरोमणि दुबे द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक आर.डी. चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, ईओ चौक ओ.पी. यादव, ईओ नगर पालिका परिषद आलोक कुमार सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment