नंदनी मौर्य जिला संवाददाता
सिद्धार्थनगर
बांसी, सिद्धार्थनगर। राष्ट्रीय जनगणना अभियान को लेकर बांसी तहसील प्रशासन सक्रिय हो गया है। उप जिलाधिकारी निखिल चक्रवर्ती ने सुपरवाइजरों, परगणकों और आम नागरिकों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करते हुए जनगणना को देश की महत्वपूर्ण प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर सरकार विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करती है, इसलिए इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।
एसडीएम ने जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर सही एवं अद्यतन जानकारी एकत्र करें। उन्होंने कहा कि कार्य के दौरान पारदर्शिता, ईमानदारी और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत सूचना को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जनगणना कर्मियों को पूरा सहयोग दें और परिवार से जुड़ी सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी सूचनाएं पूरी तरह गोपनीय रखी जाती हैं, इसलिए लोग बिना किसी संकोच के सही विवरण साझा करें।
उप जिलाधिकारी ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनगणना कार्य को सफल बनाना सभी की जिम्मेदारी है। यदि किसी प्रकार की समस्या आती है तो संबंधित अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर उसका समाधान कराया जाए।

No comments:
Post a Comment