सिद्धार्थनगर न्यूज़ बढ़नी में गैस संकट के बीच कालाबाजारी का आरोप, गरीब उपभोक्ता परेशान - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Wednesday, 6 May 2026

सिद्धार्थनगर न्यूज़ बढ़नी में गैस संकट के बीच कालाबाजारी का आरोप, गरीब उपभोक्ता परेशान

 बढ़नी में गैस संकट के बीच कालाबाजारी का आरोप, गरीब उपभोक्ता परेशान


नंदनी मौर्य जिला संवाददाता 

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।

जनपद सिद्धार्थनगर के बढ़नी क्षेत्र में रसोई गैस की किल्लत के बीच कालाबाजारी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि एक ओर जहां गरीब और मजदूर वर्ग के लोग घंटों लाइन में लगने के बावजूद गैस सिलेंडर से वंचित रह जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर एजेंसी के गोदाम से महंगे दामों पर सिलेंडर बेचे जाने का खेल जारी है।

स्थानीय लोगों के अनुसार मंगलवार सुबह पांच बजे से ही नगर पंचायत बढ़नी स्थित समय माता स्थान के पास उपभोक्ताओं की लंबी कतार लग गई थी। तेज धूप और उमस के बीच लोग पूरे दिन इंतजार करते रहे, लेकिन पर्याप्त संख्या में गैस सिलेंडर नहीं पहुंचने के कारण कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ा। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब तीन बजे एक छोटी पिकअप से सीमित संख्या में सिलेंडर पहुंचे, जो भीड़ के हिसाब से काफी कम थे।

इसी बीच सूत्रों का आरोप है कि एजेंसी से जुड़े कुछ कर्मचारी बाहरी लोगों को नियमों के विपरीत अधिक दामों पर गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रहे हैं। देर शाम भरौली स्थित गोदाम पर भी संदिग्ध गतिविधियां देखी गईं, जहां एक व्यक्ति बिना वैध दस्तावेज के सिलेंडर ले जाते हुए देखा गया। मीडिया द्वारा पूछताछ करने पर वह व्यक्ति सिलेंडर छोड़कर मौके से भाग निकला।

इसके अलावा एक ई-रिक्शा पर दर्जनों सिलेंडर लादकर होम डिलीवरी के नाम पर ले जाए जाने की भी चर्चा है। ऐसे में सवाल उठता है कि जब आम उपभोक्ताओं को गैस नहीं मिल पा रही, तो किन लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर पहुंचाए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एजेंसी के कुछ कर्मचारी उपभोक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और सवाल पूछने पर गाली-गलौज पर उतर आते हैं। इस पूरे मामले के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके और गैस वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित हो सके।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad