Maharajganj News अपराध नियंत्रण से लेकर बकरीद और बाढ़ तैयारी तक, एसपी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश - Purvanchal Dastak

Breaking

Home Top Ad

विज्ञापन के लिए संपर्क करें - 8175855487

Post Top Ad

Saturday, 23 May 2026

Maharajganj News अपराध नियंत्रण से लेकर बकरीद और बाढ़ तैयारी तक, एसपी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

 Chief in editor Sunil Pandey 


महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने शुक्रवार को पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध गोष्ठी आयोजित कर कानून-व्यवस्था, आगामी बकरीद पर्व तथा संभावित बाढ़ आपदा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

गोष्ठी के दौरान पुलिस अधीक्षक ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं अन्य अधिनियमों के अंतर्गत दर्ज मामलों, महिला उत्पीड़न, अनुसूचित जाति एवं जनजाति से जुड़े अपराधों तथा निरोधात्मक कार्रवाइयों की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विवेचना पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अनावरण शेष मामलों में तेजी लाने, पुरस्कार घोषित अपराधियों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में यक्ष ऐप, ई-साक्ष्य, एसआईडी और ऑपरेशन क्लीन की भी समीक्षा की गई। थानों पर लंबित विवेचनाओं, शिकायती प्रार्थना पत्रों, अपहृत व्यक्तियों की बरामदगी तथा गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा हुई। मिशन मोड पर चिन्हित अभियोगों में की गई कार्रवाई की भी समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण कार्यक्रमों को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सर्विलांस टीम को सक्रिय रखने को कहा।

आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी थाना प्रभारियों को पीस कमेटी की बैठकें आयोजित कर स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान करने तथा लगातार निगरानी एवं चेकिंग बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

संभावित बाढ़ आपदा को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने समस्त आपदा पुलिस चौकियों को सक्रिय रखने, नाव, गोताखोर, जेसीबी, ट्रैक्टर एवं अन्य संसाधनों की सूची अपडेट रखने तथा राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आपदा सहायता मित्रों की सूची को भी अद्यतन कर आवश्यकतानुसार उनका सहयोग लेने को कहा गया।

आईजीआरएस एवं जनसुनवाई प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष बल देते हुए पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्षों को स्वयं जांच कर बेहतर फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध होटलों और प्रतिष्ठानों की जांच, खराब सीसीटीवी कैमरों को तत्काल ठीक कराने तथा चौकी एवं हल्का प्रभारियों की नियमित समीक्षा करने को कहा।

बैठक में पुलिस कर्मियों के कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

अपराध गोष्ठी में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, स्वाट, एसओजी एवं सर्विलांस टीम सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Post Bottom Ad