Chief in editor Sunil Pandey
कुदरहा/बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत परसांव के राजस्व गांव बिशुनपुरवा निवासी 30 वर्षीय ट्रक चालक मनोज कुमार की शनिवार रात लंबी चिकित्सा के बाद मौत हो गई। करीब तीन सप्ताह तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 7 जून की रात कानपुर हाईवे पर थाना जार्जमऊ क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े एक दुर्घटनाग्रस्त डंपर को ओवरटेक करने के दौरान मनोज का ट्रक अनियंत्रित होकर उसी डंपर से जा टकराया। हादसा इतना भीषण था कि वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद एंबुलेंस से उन्हें कानपुर के सीएचसी ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया। परिजनों ने उन्हें बचाने के लिए ओपेक चिकित्सालय कैली, मेडिकल कॉलेज गोरखपुर और अंत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ में इलाज कराया। तमाम प्रयासों के बावजूद शनिवार रात उन्होंने अंतिम सांस ली।
परिवार का इकलौता सहारा था मनोज
मनोज ट्रक चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी रिंकी के अलावा दो मासूम बेटियां—5 वर्षीय दीपांजलि और डेढ़ वर्षीय रिया हैं। मनोज की मौत के बाद दोनों बेटियों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जबकि पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है।

No comments:
Post a Comment