Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सोनौली पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त चेकिंग के दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड (उच्च गुणवत्ता का गांजा) बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नौतनवा के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष महेन्द्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में सीमा क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 9 जून 2026 की रात भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके पास से 2.30 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक वीड बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. इदरीश (34 वर्ष), पुत्र वीर मोहम्मद, निवासी रामनाथपुरम, तमिलनाडु के रूप में हुई।
बरामदगी के आधार पर थाना सोनौली में मु0अ0सं0 51/2026 के तहत धारा 8/20/23 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के मुताबिक हाइड्रोपोनिक वीड अत्यधिक महंगी और उच्च गुणवत्ता की मादक सामग्री है, जिसकी तस्करी अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से की जाती है। मामले की जांच जारी है और इससे जुड़े अन्य तस्करों व नेटवर्क की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार, कांस्टेबल अश्वनी यादव, धीरज शाह तथा एसएसबी की सहायक सेनानायक प्रिया यादव, सहायक उपनिरीक्षक रामलाल, गौरव तिवारी एवं सुंदर लक्ष्मी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No comments:
Post a Comment