Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 13 जून। उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और सांस्कृतिक विरासत के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचा है और गरीब, किसान, महिला, युवा व वंचित वर्ग के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि महराजगंज में भी पिछले वर्षों में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। 1458 करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर–सोनौली फोरलेन परियोजना अंतिम चरण में है, जबकि 347.50 करोड़ रुपये की लागत से ठूठीबारी–महराजगंज मार्ग का चौड़ीकरण किया जा रहा है। नौतनवा–झुलनीपुर इंडो-नेपाल बॉर्डर मार्ग और प्रस्तावित आईसीपी (इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट) से सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 63,921 तथा शहरी योजना के तहत 42,111 परिवारों को पक्का मकान मिला है। 20.93 लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन और 8.56 लाख से अधिक लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिल रहा है। पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल में क्रिटिकल केयर अस्पताल और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं से स्वास्थ्य एवं बुनियादी सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 10,539 रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को सहायता, मुद्रा योजना के अंतर्गत 41,834 लाभार्थियों को 698.56 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत 13.89 लाख से अधिक लोगों के बैंक खाते खोले गए हैं। उन्होंने कहा कि डीबीटी व्यवस्था से सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बिचौलिए के सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रहा है।
प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री सहित जनप्रतिनिधियों और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

No comments:
Post a Comment