Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 10 जून 2026। आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने थाना बरगदवा क्षेत्र के महाव नाला, थाना ठूठीबारी क्षेत्र के चंदन नदी पुल तथा भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान जल निकासी व्यवस्था, तटबंधों की स्थिति और संभावित आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा की गई।
डीएम और एसपी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि बाढ़ से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन और उपकरण समय रहते उपलब्ध रखे जाएं। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी, नावों एवं राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव अभियान चलाने की तैयारी सुनिश्चित की जाए।
भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान सीमा से लगे गांवों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। अधिकारियों ने बाढ़ की स्थिति में लोगों की सुरक्षा, सुरक्षित आवागमन और प्रशासन-पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए हर समय सतर्क रहने के निर्देश दिए।

No comments:
Post a Comment