Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज, 14 जून 2026। नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत महराजगंज पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना निचलौल पुलिस ने फर्जी ऑफर लेटर तैयार कर लोगों को नौकरी का झांसा देने वाले वांछित अभियुक्त मुकेश चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ एवं क्षेत्राधिकारी निचलौल रविन्द्र सिंह के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष अंकित सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और पतारसी-सुरागरसी के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मुकेश चौधरी (40 वर्ष), पुत्र खुशीहाल चौधरी, निवासी औराटार, थाना निचलौल, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध थाना निचलौल में मु0अ0सं0 157/2026 दर्ज है। पुलिस के अनुसार आरोपी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह से जुड़ा है और फर्जी ऑफर लेटर उपलब्ध कराने में उसकी भूमिका सामने आई है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रामचन्द्र, उपनिरीक्षक संदीप यादव, हेड कांस्टेबल बीर अभिमन्यु तथा कांस्टेबल चन्दन प्रजापति शामिल रहे।

No comments:
Post a Comment