Chief in editor Sunil Pandey
महराजगंज। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का महराजगंज पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना निचलौल पुलिस, एसओजी और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में लखनऊ और गोरखपुर के विभिन्न स्थानों से आरोपियों को दबोचा गया।
पुलिस के अनुसार, थाना निचलौल में दर्ज दो मुकदमों में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार की गई सुरागरसी के आधार पर कार्रवाई करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी सरकारी और निजी संस्थानों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं का विश्वास जीतते थे। इसके बाद उनसे मोटी रकम वसूलकर फर्जी ऑफर लेटर, नियुक्ति पत्र और अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर देते थे। जब पीड़ितों को ठगी का एहसास होता, तब तक उनसे लाखों रुपये ऐंठे जा चुके होते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजचन्द्रा उर्फ अजीत (गोरखपुर), आमोद राठौर (लखनऊ), कुलदीप (उन्नाव) और अराधना कुमारी (लखनऊ) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने नौकरी दिलाने के नाम पर धनराशि लेकर फर्जी दस्तावेज तैयार कर लोगों से ठगी करने की बात स्वीकार की है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों, वित्तीय लेन-देन और संभावित पीड़ितों की भी जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

No comments:
Post a Comment