संपादक: सुनील पाण्डेय उत्तर प्रदेश
महराजगंज | 16 जनवरी 2026
तहसील निचलौल में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जनशिकायतों की व्यापक सुनवाई की गई। कार्यक्रम में कुल 102 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए जिलाधिकारी ने समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर स्थलीय निरीक्षण के बाद ही निस्तारण करने को कहा। उन्होंने स्पॉट मेमो तैयार करने, स्थलीय भ्रमण तथा शिकायत निस्तारण की स्वयं निगरानी पर विशेष जोर दिया। पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
समाधान दिवस के दौरान चकबंदी कार्यालय में अनुपस्थिति की शिकायत मिलने पर उपजिलाधिकारी निचलौल को नियमित आकस्मिक निरीक्षण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बिना पूर्व सूचना के कार्यालय से अनुपस्थिति स्वीकार्य नहीं होगी।
कार्यक्रम के दौरान जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए गए। जिलाधिकारी के निर्देश पर विभिन्न विभागों के हेल्प डेस्क लगाए गए, जिनमें आयुष्मान भारत, आयुष स्वास्थ्य, कृषि विभाग द्वारा किसान सम्मान निधि, खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा किसान पंजीकरण सहित अन्य सेवाएं शामिल रहीं। हेल्प डेस्क के माध्यम से लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
इसके अलावा तहसील परिसर में पीएम सूर्यघर योजना के तहत जागरूकता कैंप आयोजित किया गया, जिसमें 100 से अधिक लोगों ने रुचि दिखाते हुए अपना विवरण दर्ज कराया। जिलाधिकारी ने पीओ नेडा को इच्छुक व्यक्तियों से संपर्क कर अधिक से अधिक आवेदन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में प्रभारी सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, उपजिलाधिकारी निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, सीओ निचलौल एस.पी. सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक पी.के. शर्मा, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, बीएसए ऋद्धि पांडेय सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:
Post a Comment