संपादक : सुनील पाण्डेय उत्तर प्रदेश
महराजगंज, 16 जनवरी 2026।
प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत शनिवार को सिसवा विकास खंड की ग्राम पंचायत हेवती में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने प्रकाशित आलेख्य निर्वाचक नामावली का वाचन किया तथा एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) के उद्देश्य और प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी दी।
जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार को पूर्वाह्न 10:30 बजे से सायं 4:30 बजे तक सभी बूथों पर बीएलओ द्वारा निर्वाचक नामावली का वाचन किया जाएगा। ग्रामीण अपने-अपने बूथ पर उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित कर लें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है या नहीं। इस दौरान एएसडी (अनुपस्थित/स्थानांतरित/मृत) सूची भी उपलब्ध रहेगी, जिस पर दावा–आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। नाम न होने की स्थिति में फॉर्म–06 एवं शपथपत्र के माध्यम से नाम दर्ज कराने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य स्वच्छ, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे लोकतंत्र और अधिक मजबूत हो।
वीबी–जी राम जी योजना से बढ़ेगा रोजगार
चौपाल में जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर इस नई योजना को लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को 125 दिन का न्यूनतम रोजगार मिलेगा। योजना का लक्ष्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका सृजन और ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना का विकास करना है।
आयुष्मान, फार्मर रजिस्ट्री व पीएम सूर्यघर पर जोर
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार मिलता है।
उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री को अनिवार्य बताते हुए कहा कि आगामी कृषि योजनाओं का लाभ इसी के माध्यम से मिलेगा, इसलिए किसान पंचायत भवन जाकर पंजीकरण कराएं।
साथ ही पीएम सूर्यघर योजना के लाभ बताते हुए कहा कि इसमें ₹1.08 लाख तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे बिजली बिल कम होता है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
बाल विवाह के खिलाफ शपथ
चौपाल में जिलाधिकारी ने बाल विवाह को विधिक अपराध बताते हुए इसके दुष्परिणामों से अवगत कराया और उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई।
अधिकारियों को निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए।
लाभार्थियों को प्रमाणपत्र, स्वास्थ्य जांच
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। जिलाधिकारी ने रुबीना का गोदभराई संस्कार कराया तथा नवजात खुशी व अक्षय का अन्नप्राशन किया।
चौपाल में 150 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच, दवा वितरण, 70 पशुपालकों का पंजीकरण, 94 पशुओं को कृमिनाशक दवा, तथा 25 नए राशन यूनिट जोड़ने का कार्य किया गया। इसके अतिरिक्त सीएम युवा योजना के अंतर्गत 30 युवाओं ने आवेदन की इच्छा जताई।
उपस्थित अधिकारी
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, प्रभारी सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, बीडीओ सिसवा अर्जुन प्रसाद सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment