संपादक : सुनील पाण्डेय उत्तर प्रदेश
महराजगंज। सिसवा बाजार हिन्दू कल्याण मंच के नेतृत्व में उत्तरायण मौनी अमावस्या स्नान पर्व के पावन अवसर पर खिचड़ी, कंबल एवं वस्त्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन श्री श्री प्राचीन शिव मंदिर, गुरली घाट, सिसवा बाजार में किया गया। यह कार्यक्रम महंत श्री श्री 108 बालक दास जी महाराज के सहयोग से श्रद्धा एवं सेवा भाव के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मंच के अध्यक्ष प्रमोद मद्धेशिया ने उत्तरायण मौनी अमावस्या की धार्मिक एवं आध्यात्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि शास्त्रों में इस दिन को स्नान, दान और तप के लिए विशेष फलदायी माना गया है। सूर्य के उत्तरायण होने के साथ मौन व्रत रखकर पवित्र नदियों में स्नान करने से मन की शुद्धि, इंद्रियों की शांति तथा पितरों की तृप्ति होती है। इससे आध्यात्मिक उन्नति के साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
कार्यक्रम में मंच के पुरोहित पंडित दिनेश चन्द पाठक एवं मार्गदर्शक जय प्रकाश अग्रवाल का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ। आयोजन में मंच के नितेश श्रीवास्तव, विकास जायसवाल, सुरेश खरवार, अंकित लाठ, सुनील रौनियार, शुभम केडिया, योगेश जायसवाल, अमित पूरी, राजन वर्मा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से जरूरतमंदों की सेवा कर समाज में धार्मिक आस्था, करुणा और सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

No comments:
Post a Comment