एंटी करप्शन टीम ने ₹50 हजार घूस लेते रंगे हाथ दरोगा को दबोचा
रिपोर्ट:सुनील पाण्डेय
महाराजगंज। जनपद में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2019 बैच के दरोगा मोहम्मद अशरफ खान को ₹50,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई फरेन्दा थाने पर, सदर कोतवाली क्षेत्र से जुड़े एक मामले में की गई, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार दरोगा मोहम्मद अशरफ खान मूल रूप से जनपद गाजीपुर का निवासी है और वर्तमान में महराजगंज के सदर कोतवाली में तैनात था। एंटी करप्शन टीम को उसके विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी कि वह एक मामले में राहत देने और कार्रवाई से बचाने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा है।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद टीम ने जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही आरोपी दरोगा ने ₹50,000 की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली गई।
एंटी करप्शन टीम प्रभारी का बयान
एंटी करप्शन टीम के प्रभारी शिव मनोहर यादव ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी दरोगा को घूस लेते समय गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद आरोपी दरोगा की भूमिका से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में कोई अन्य अधिकारी या कर्मचारी संलिप्त तो नहीं है। जांच पूरी होने के बाद एंटी करप्शन टीम द्वारा विस्तृत और आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

No comments:
Post a Comment