महराजगंज, जनवरी 2026।
जनपद महराजगंज ने मुख्यमंत्री डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप–10 में जगह बनाई है। जनवरी माह की रैंकिंग में जनपद ने प्रदेश स्तर पर राजस्व व विकास की संयुक्त रैंकिंग में 8वां स्थान हासिल किया है।
राजस्व एवं विकास से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के आधार पर यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। विकास क्षेत्र में संचालित योजनाओं/परियोजनाओं में जनपद को 71 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 06 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 03 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड मिला है। उल्लेखनीय है कि किसी भी श्रेणी में जनपद को ‘डी’ ग्रेड नहीं प्राप्त हुआ।
इसी तरह राजस्व से संबंधित योजनाओं/परियोजनाओं में भी जनपद का प्रदर्शन सराहनीय रहा। राजस्व क्षेत्र में 34 योजनाओं में ‘ए’ ग्रेड, 09 योजनाओं में ‘बी’ ग्रेड तथा 04 योजनाओं में ‘सी’ ग्रेड प्राप्त हुआ है।
सीएम डैशबोर्ड पर जनपद का प्रदर्शन विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, कृषि, स्वच्छता, पर्यटन, पेयजल, सड़क निर्माण एवं सामाजिक कल्याण सहित विभिन्न विभागीय सूचकांकों में उत्कृष्ट पाया गया है।
उल्लेखनीय है कि विगत माह जनपद को संयुक्त रैंकिंग में 14वां स्थान मिला था, जिस पर जिलाधिकारी ने असंतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को योजनाओं के बेहतर पर्यवेक्षण के निर्देश दिए थे। इसके परिणामस्वरूप राजस्व रैंकिंग में जनपद ने 33वें से 12वें स्थान तक बड़ी छलांग लगाई, जबकि विकास योजनाओं में जनपद को 9वां स्थान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने समस्त अधिकारियों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए निरंतर मॉनिटरिंग, प्रभावी समीक्षा बैठकों तथा फील्ड स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन धरातल पर सुनिश्चित हो और जनपद आगे भी प्रदेश में अग्रणी बना रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment