सीसीटीवी निगरानी, बैरिकेडिंग, पार्किंग, पेयजल व साफ–सफाई के दिए निर्देश
मंदिर परिसर में ध्यान केंद्र व पुस्तकालय का उद्घाटन
महराजगंज। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने इटहिया महादेव शिव मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की जा रही तैयारियों, आवागमन हेतु प्रस्तावित मार्ग, पार्किंग व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने मंदिर से मुख्य मार्ग तक पीए सिस्टम स्थापित कराने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को समय-समय पर आवश्यक सूचना एवं दिशा-निर्देश उपलब्ध कराए जा सकें।
जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, प्रभावी बैरिकेडिंग करने तथा संपूर्ण परिसर की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट, जूता घर एवं खोया–पाया केंद्र स्थापित करने हेतु एसडीएम निचलौल को निर्देशित किया गया।
उन्होंने मंदिर परिसर एवं मार्गों की समुचित साफ–सफाई, मार्गों के किनारे झाड़ियों की कटाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता, व्यवस्थित पार्किंग तथा सिंगल यूज प्लास्टिक के पूर्ण प्रतिबंध को सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने महाशिवरात्रि पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं मार्गों पर सादी वर्दी में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही फायर सेफ्टी के पर्याप्त इंतजाम करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण से पूर्व जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मंदिर में विधिवत पूजन–अर्चन कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया तथा जनपदवासियों के सुख–समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में स्थापित ध्यान केंद्र एवं पुस्तकालय का उद्घाटन भी किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम एवं सीओ निचलौल सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment