महराजगंज।
जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026–27 के श्रम बजट एवं कार्ययोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यदायी संस्थाओं, समस्त खंड विकास अधिकारियों एवं ब्लॉक प्रमुखों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी विकासखंडों के ब्लॉक प्रमुखों एवं अधिकारियों से संवाद किया। उन्होंने निर्देश दिया कि श्रम बजट से संबंधित कार्ययोजना का अनुमोदन क्षेत्र पंचायत की बैठक में अनिवार्य रूप से कराया जाए। ब्लॉक प्रमुखों ने आश्वस्त किया कि उनके द्वारा तैयार की गई कार्ययोजना एवं लेबर बजट मनरेगा अधिनियम, नियमावली एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप है तथा वास्तविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि संबंधित ग्राम पंचायतों की बैठकों में लेबर बजट एवं कार्ययोजना का अनुमोदन प्राप्त कर लिया गया है, जिसके उपरांत ही इसे जनपद स्तर पर प्रेषित किया गया। जनपद महराजगंज से वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए मनरेगा योजना के अंतर्गत अनुमानित 70,38,217 मानव दिवस सृजन एवं 29,560.52 लाख रुपये के बजट का प्रस्ताव शासन को भेजा जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्ययोजना ग्राम स्तर पर कार्यों की वास्तविक आवश्यकता के अनुसार ही तैयार की जाए। उन्होंने मनरेगा कार्यों को अधिक गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संचालित करने पर जोर देते हुए नियमित पर्यवेक्षण के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में मनरेगा के अंतर्गत कार्यरत मजदूरों की ई-केवाईसी शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त श्रम रोजगार ने जानकारी दी कि जनपद में लगभग 2.86 लाख श्रमिक पंजीकृत हैं, जिनमें से 1.51 लाख श्रमिकों की ई-केवाईसी पूर्ण की जा चुकी है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment