महराजगंज, 10 फरवरी।
विश्व स्तरीय सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी एवं अर्द्ध-सरकारी कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर खतरों के प्रति सतर्क करना रहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने विभागीय सोशल मीडिया हैंडल्स सक्रिय करने तथा जनपद के आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म को फॉलो करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराधों का खतरा भी बढ़ा है, इसलिए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग और सावधानियों का पालन आवश्यक है। उन्होंने व्यक्तिगत व गोपनीय जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करने की अपील की।
कार्यशाला में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि हर वर्ष फरवरी माह के दूसरे मंगलवार को सुरक्षित इंटरनेट दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष की थीम “एआई के प्रति जागरूक: सुरक्षित, स्मार्ट और नियंत्रण में” है। उन्होंने फिशिंग, स्पैम, डीपफेक जैसे साइबर खतरों से बचाव के उपाय बताते हुए अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी, बैंक व कार्ड संबंधी जानकारी साझा न करने की सलाह दी।
साइबर अपराध की स्थिति में हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। कलेक्ट्रेट के साथ-साथ आईटीआई पुरैना एवं आईटीआई माधोनगर में भी जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की गईं।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment