प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत हुआ आयोजन, वीबी–जी राम जी सहित योजनाओं की दी जानकारी
महराजगंज, 07 फरवरी 2026।
सांसद आदर्श ग्राम हरिहरपुर में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता रही और उनकी समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन आपके द्वार के तहत जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में चौपाल आयोजित कर शासन की योजनाओं को सीधे गांव और घर तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज सभी जिलास्तरीय अधिकारी गांव में उपस्थित हैं ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा सके। योजनाओं का निर्बाध लाभ तभी संभव है जब ग्रामीण जागरूक हों और प्रक्रियाओं को समझें।
जिलाधिकारी ने वीबी–जी राम जी योजना की जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर इस नई योजना को लागू किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणों को 125 दिन का न्यूनतम रोजगार मिलेगा, जबकि मनरेगा में 100 दिन का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका का सृजन और ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचना का विकास करना है।
उन्होंने आयुष्मान भारत योजना को दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य योजना बताते हुए कहा कि इसके अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही उन्होंने किसानों से फॉर्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने की अपील की, क्योंकि आगामी समय में कृषि योजनाओं का लाभ इसी के माध्यम से दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि एसआईआर प्रक्रिया चल रही है, जिसमें नए मतदाता फॉर्म-06 भरकर अपना नाम निर्वाचक नामावली में दर्ज करा सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना में उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक का अनुदान दिया जाता है, जिससे बिजली बिल कम होता है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड को बेचकर आय भी अर्जित की जा सकती है।
चौपाल के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गांवों में लंबित प्रकरणों का समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। मनरेगा कार्यों में पारदर्शिता के लिए कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट लगाने के निर्देश भी दिए गए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही केशव पुत्र प्रियंका भारती एवं विक्रम पुत्र रानी का अन्नप्राशन तथा नेहा पत्नी मनोज एवं किरण पत्नी अमरजीत का गोद भराई संस्कार भी कराया।
चौपाल में 225 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच, 16 आयुष्मान कार्ड, 64 लोगों की विभिन्न जांच, 80 पशुओं को कृमिनाशक दवा, 4 फॉर्मर रजिस्ट्री, पीएम सूर्यघर के 13 आवेदन तथा पूर्ति विभाग द्वारा 25 नए यूनिट जोड़े गए।
हरिहरपुर ग्राम पंचायत में कुल 753 परिवार निवासरत हैं। यहां 908 लोगों को आयुष्मान कार्ड, 672 पात्र गृहस्थी व 136 अंत्योदय कार्ड जारी किए जा चुके हैं। साथ ही निराश्रित महिला, वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को मिल रहा है।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी ने किया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. नवनाथ प्रसाद, एसडीएम सदर जितेंद्र कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी कन्हैया यादव, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, खंड विकास अधिकारी मिठौरा राहुल सागर सहित अन्य अधिकारी व बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Chief in editor Sunil Pandey U P

No comments:
Post a Comment