Maharajganj
महराजगंज, 23 मार्च 2026। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा व पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीना की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनी गईं। समाधान दिवस में कुल 130 मामले प्राप्त हुए, जिनमें से 12 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने शेष प्रकरणों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए उनके स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थिति किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। इस दौरान उप कृषि निदेशक, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य और सहायक निदेशक रेशम अनुपस्थित पाए गए।
इस अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 के तहत एक विशेष पहल के अंतर्गत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा अनन्या दूबे को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया। अनन्या दूबे ने डीएम की कुर्सी पर बैठकर समाधान दिवस में आए मामलों की सुनवाई की और संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अनन्या ने कहा कि एक दिन के लिए डीएम की कुर्सी पर बैठना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। इससे उन्हें जिलाधिकारी के कार्यों को नजदीक से समझने और भविष्य में बेहतर करने की प्रेरणा मिली है।
संपूर्ण समाधान दिवस में एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, तहसीलदार अमित सिंह, सीओ बसंत सिंह, डीडीओ बी.एन. कन्नौजिया, बीडीओ शमा सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment