महराजगंज:
जनपद में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की बढ़ती किल्लत को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के नेताओं ने इस मुद्दे को गंभीर बताते हुए जिलाधिकारी को संबोधित एक ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि जिले में गैस की भारी कमी के कारण हजारों घरों में चूल्हे ठंडे पड़ गए हैं, जबकि व्यवसायिक गैस न मिलने से होटल, ढाबे और छोटे खाद्य प्रतिष्ठान भी प्रभावित हो रहे हैं।
सपा पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति समय से नहीं हो पा रही है। उपभोक्ताओं को गैस बुक कराने के बाद भी कई-कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं व्यवसायिक गैस की कमी के कारण कई दुकानदारों और होटल संचालकों के सामने अपने प्रतिष्ठान बंद करने की स्थिति पैदा हो गई है।
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसियों की मनमानी और कालाबाजारी के कारण स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। उनका कहना है कि कुछ स्थानों पर गैस सिलेंडर ऊंचे दामों पर बेचे जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पार्टी का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में हालात और भी खराब हो सकते हैं।
सपा नेताओं ने जिलाधिकारी से मांग की कि जनपद में रसोई गैस और व्यवसायिक गैस की आपूर्ति तत्काल सुचारू रूप से सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। पार्टी ने यह भी कहा कि इस समस्या के लिए जिम्मेदार संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए उनके खिलाफ भी उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
इसके अलावा सपा नेताओं ने कहा कि गैस बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जाना चाहिए और गैस एजेंसियों की मनमानी पर सख्ती से रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस गंभीर जनसमस्या को संज्ञान में लेकर जल्द प्रभावी कदम उठाएगा, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

No comments:
Post a Comment